ओलंपियाड :पहला राउंड: जीत के साथ शुरुआत !
25/09/2018 -विश्व शतरंज ओलंपियाड बातुमि का पहला दिन भारत के लिए महिला और पुरुष दोनों वर्गो में जीत लेकर आया । महिला खिलाड़ियों नें न्यूजीलैंड को 4-0 से तो पुरुषो नें एल साल्वाडोर को 3.5-0.5 से पराजित किया । प्रतियोगिता में पहला राउंड कभी आसान नहीं होता और यह सभी के खेलो में नजर भी आया । महिला वर्ग में हम्पी ,ईशा और पदमिनी नें आसान सी जीत दर्ज की तो तनिया मुश्किलों से घिर गयी थी और एक समय लगा की वह मैच हार भी सकती है पर उन्होने संयम के साथ खेलते हुए अच्छी वापसी की और हार के मुह से जीत छीनते हुए एक आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत दर्ज की । पुरुष वर्ग में शशिकिरण को छोड़कर सभी खिलाड़ियों नें अच्छी आसान जीत दर्ज की ,इंग्लिश ओपनिंग में शशि नें वैसे तो अच्छा खेल दिखाया और दबाव बनाने की पूरी कोशिश की पर उनके कमजोर राजा के चलते अंत में उन्हे ड्रॉ खेलना पड़ा । खैर जीत तो जीत होती है और भारतीय खेमे में निश्चित तौर पर यह एक अच्छी शुरुआत है ।